Badaun News: 15 अप्रैल से शुरू होगा फ्री ऑनलाइन एआई अवेयरनेस प्रोग्राम

शिखर संवाद ब्यूरो- 
 Badaun News:
जिले के माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब वे आधुनिक दौर की सबसे चर्चित तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में घर बैठे जान सकेंगे। डीआईओएस ने शासन के निर्देश पर जिले के सभी बोर्ड के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर छात्रों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने को कहा है।

डीआईओएस लाल जी यादव ने बताया कि जिले के कक्षा 11 और 12 के छात्रों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए एक विशेष ऑनलाइन एआई अवेयरनेस प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोरखपुर द्वारा टीसीएस और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जो 7 अप्रैल 2026 तक चलेगी। मुख्य कोर्स की शुरुआत 15 अप्रैल 2026 से होगी। डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि यह कोर्स पूरी तरह निःशुल्क है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को भविष्य की तकनीक के प्रति जागरूक करना है ताकि वे आगे चलकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सही इस्तेमाल कर सकें। सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने यहाँ से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें ताकि बदायूं का कोई भी मेधावी इस डिजिटल क्रांति से अछूता न रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ